मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का मौका, 17 और 24 अक्टूबर को हर बूथ पर लगेंगे विशेष कैम्प
बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक रहेंगे मौजूद, फार्म-6 भरकर करा सकेंगे पंजीकरण; 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
उरई (जालौन)। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलेगा। इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर विशेष कैम्प लगाए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कैम्पों को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष कैम्पों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां आवेदन भरने में सहायता मिलेगी।
बैठक में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारिणी पर भी चर्चा की गई। एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदेय स्थलों का संभाजन एवं पुनर्गठन 2 नवंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा। मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 12 नवंबर को होगा, जबकि 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कैम्पों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने, बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्राप्त आवेदनों का व्यवस्थित अभिलेखीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से अभियान में सहयोग करने तथा नागरिकों को जागरूक करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे 17 और 24 अक्टूबर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करें। नाम दर्ज न होने पर पात्रता के अनुसार फार्म-6 भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में उप जिलाधिकारी उरई उत्तम कुमार तिवारी सहित भाजपा, सपा, बसपा, अपना दल एस और सीपीआईएम के प्रतिनिधियों के अलावा संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Oct 16, 2026