राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर बेल्ट्रॉन कर्मियों ने निकाला रोड मार्च
करीब 200 कर्मियों ने अस्पताल मोड़ से कारगिल चौक तक किया मार्च, सेवा सुरक्षा और सेवांत लाभ देने की उठाई मांग
जहानाबाद : राज्यकर्मी का दर्जा देने सहित अन्य मांगों को लेकर रविवार को बेल्ट्रॉन के माध्यम से विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मियों ने शहर में शांतिपूर्ण रोड मार्च निकाला। बिहार राज्य डेटा एंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर आयोजित मार्च में करीब 200 प्रोग्रामर, डेटा एंट्री ऑपरेटर, स्टेनोग्राफर और आइटी कर्मियों ने हिस्सा लिया।
जिला स्तरीय एकता मंच के नेतृत्व में दोपहर 12:30 बजे अस्पताल मोड़ से शुरू हुआ मार्च कारगिल चौक तक पहुंचा। इस दौरान कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की। उनका कहना था कि बेल्ट्रॉन के माध्यम से विभिन्न सरकारी विभागों और कार्यालयों में वे वर्षों से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें अब तक राज्यकर्मी का दर्जा और स्थायी सेवा सुरक्षा जैसी सुविधाएं नहीं मिल सकी हैं।
कर्मियों ने कहा कि लंबे समय तक सेवा देने के बाद भी नौकरी की सुरक्षा को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। योजना या परियोजना समाप्त होने पर रोजगार प्रभावित होने का खतरा रहता है। वहीं, कई कर्मी सेवांत लाभ प्राप्त किए बिना ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं। ऐसे में सरकार को उनके वर्षों के योगदान को देखते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए।
संगठन की प्रमुख मांगों में सभी बेल्ट्रॉन कर्मियों को राज्यकर्मी का दर्जा देने, सेवा को सुरक्षित करने और सेवांत लाभ उपलब्ध कराने की मांग शामिल है। संगठन के अनुसार, जिले में करीब 400 कर्मी विभिन्न विभागों में बेल्ट्रॉन के माध्यम से कार्यरत हैं। मार्च की पूर्व सूचना जिला प्रशासन को लिखित रूप में दी गई थी।
संगठन ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने पर राज्य स्तरीय संघ के निर्देशानुसार सांकेतिक हड़ताल और आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया जा सकता है।
कई विभागों के कर्मी हुए शामिल: मार्च में स्थापना, कोषागार, पुलिस, शिक्षा, आयकर, पशुपालन, सामाजिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, परिवहन, कृषि, श्रम सहित विभिन्न विभागों के कर्मी शामिल हुए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।