किंजर थाना का निरीक्षण कर एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
अरवल : पुलिस अधीक्षक किरणकुमार गोरख जाधव ने रविवार को किंजर थाना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित कांडों के अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के क्रम में संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने थाना परिसर का जायजा लेते हुए मालखाना, हवालात और साफ-सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही थाना में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच कर उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने तथा साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबित कांडों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अनुसंधानकर्ताओं को मामलों की गंभीरता के अनुरूप प्राथमिकता तय कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके अलावा क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्ती करने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।