सरकारी जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, बुलडोजर चलते ही मचा हड़कंप
अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर परिषद की कार्रवाई, जेसीबी से ध्वस्त की गईं झोपड़ियां; अभियान आगे भी रहेगा जारी
जहानाबाद : शहर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा जमाने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बत्तीस भंवरिया के पास सड़क किनारे सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। जेसीबी की मदद से वहां लंबे समय से बनी झोपड़ियों और अन्य अस्थायी ढांचों को हटाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा था। राहगीरों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा सड़क पर जाम की समस्या और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
प्रशासनिक स्तर पर शहर की सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने को लेकर जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर परिषद की टीम ने अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
सहायक नगर योजना पदाधिकारी के अनुसार, संबंधित अतिक्रमणकारियों को पूर्व में ही नोटिस देकर जगह खाली करने की सूचना दी गई थी। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन ने यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। इसके अगले चरण में अंबेडकर चौक से अस्पताल मोड़ तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया जाएगा। सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।