भारत विकास परिषद् डीडवाना मुख्य शाखा की कार्यकारिणी बैठक आयोजित
प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व को राष्ट्रसेवा के रूप में करें स्वीकार - विक्रांत खंडेलवाल
डीडवाना। भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा डीडवाना की कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया।शाखा मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि बैठक में भारत विकास परिषद् उत्तर पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल मुख्य अतिथि रहे। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन अति विशिष्ट अतिथि तथा प्रांतीय संपर्क संयोजक शिवकुमार शर्मा एवं जिला संयोजक राकेश जांगिड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि भारत विकास परिषद का आधार केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि विचार और संस्कार हैं। संगठन तभी प्रभावी बनता है, जब कार्यकर्ता संगठन के उद्देश्य को समझकर उसे अपने आचरण में उतारता है। उन्होंने विशेष रूप से भारत विकास परिषद के सदस्यता संकल्प पत्र की पंक्तियों के भाव और उनमें निहित चिंतन को विस्तार से प्रस्तुत करते हुए कहा कि सदस्यता केवल संगठन से जुड़ने की औपचारिकता नहीं, बल्कि स्वयं को परिषद के विचार, संस्कार, सेवा और राष्ट्रभाव के अनुरूप ढालने का संकल्प है। उन्होंने सदस्यों से सदस्यता संकल्प पत्र की भावना को आत्मसात करते हुए उसके अनुरूप अपने व्यक्तिगत एवं सामाजिक आचरण को विकसित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि परिषद का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व को केवल पद के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा के संकल्प के रूप में स्वीकार करे। संगठन में व्यक्ति से अधिक विचार और व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक सामूहिक प्रयास का महत्व है। राष्ट्र निर्माण किसी एक बड़े कार्य से नहीं, बल्कि समाज के बीच निरंतर किए जाने वाले छोटे-छोटे सेवा एवं संस्कार कार्यों से होता है। सेवा कार्यों में संवेदना, संगठन में अनुशासन और विचार में स्पष्टता आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि परिषद की गतिविधियों का विस्तार संख्या के लिए नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए हो। उन्होंने कहा कि शाखाएँ जितनी मजबूत होंगी, संगठन उतना ही प्रभावी होगा और संगठन की प्रभावशीलता अंततः राष्ट्रहित में दिखाई देगी। उन्होंने डीडवाना शाखा द्वारा विकसित स्वस्थ परंपराओं और नवाचारों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा नए कार्यकर्ताओं को अवसर देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
*परिषद् द्वारा चलाएं जा रहे विभिन्न प्रकल्पों की दी जानकारी*
शाखा अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने शाखा की गतिविधियों के साथ उसकी कुछ विशिष्ट कार्य-परंपराओं और नवाचारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शाखा में नियमित एवं सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था, समयबद्ध सदस्यता प्रक्रिया, सदस्यता में संख्या के बजाय वैचारिक भाव को प्राथमिकता, प्रकल्पों की स्वतंत्र कार्यप्रणाली, कार्यकारिणी में सक्रिय सहभागिता, आर्थिक अनुशासन तथा प्रत्येक दो वर्ष में बड़े क्षेत्रीय आयोजन जैसी परंपराएँ विकसित की गई हैं। उन्होंने सेवा क्षेत्र में अस्पताल के दो वार्ड गोद लेने, चिकित्सा उपकरण प्रकल्प, शीतल जल सेवा, हृदयरोग एवं एनीमिया जाँच शिविर तथा गुरु-वंदन छात्र-अभिनंदन कार्यक्रम की जानकारी दी। युवा आयाम के अंतर्गत विवेकानंद शाखा के गठन तथा महिला सहभागिता को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन ने कहा कि सेवा और संस्कार गतिविधियों में निरंतरता बनाए रखते हुए अधिकाधिक परिवारों और युवाओं को परिषद से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक दायित्वों को मिल-जुलकर निभाने का आह्वान किया।
प्रांतीय संपर्क संयोजक शिवकुमार शर्मा ने परिषद के संपर्क आयाम की महत्ता बताते हुए कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों एवं संस्थाओं को सेवा कार्यों से जोड़कर परिषद के कार्यों का प्रभाव और व्यापक किया जा सकता है। उन्होंने शाखा की गतिविधियों की सराहना करते हुए सक्रिय संपर्क को निरंतर बनाए रखने की बात कही। जिला संयोजक राकेश जांगिड़ ने शाखा के कार्यों को जिला स्तर पर अन्य शाखाओं के लिए प्रेरक बताते हुए कहा कि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप सेवा प्रकल्पों को आगे बढ़ाना परिषद की कार्यपद्धति को अधिक सार्थक बनाता है। उन्होंने शाखा को जिला स्तर पर आवश्यक सहयोग का विश्वास दिलाया। बैठक के दौरान शाखा सचिव सुरेंद्र सोनी ने विगत अवधि में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जबकि कोषाध्यक्ष बालमुकुंद बगड़िया ने शाखा का वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन शाखा सचिव सुरेंद्र सोनी ने किया। अंत में प्रांतीय संपर्क संयोजक शिवकुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
Didwana, Nagaur | Sep 20, 2026