पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सफाई कर्मचारी संघ की तिरंगा यात्रा: एनपीएस के विरोध में सौंपा ज्ञापन
उरई, जालौन। पुरानी पेंशन योजना की बहाली की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने उरई में तिरंगा यात्रा निकाली। एनआईसी कार्यालय से शुरू हुई यात्रा जिला परिषद होते हुए अंबेडकर चौराहे पहुंची। इस दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग के समर्थन में नारेबाजी की।
इसके बाद कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपर जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को भी मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया गया।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वर्ष 2004 के बाद लागू नई पेंशन व्यवस्था यानी एनपीएस कर्मचारियों के हित में नहीं है। उनका कहना था कि सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा को लेकर कर्मचारियों के बीच चिंता बनी रहती है। ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने में सफाई कर्मचारियों की अहम भूमिका है, ऐसे में उनके भविष्य की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
कर्मचारी नेताओं ने सरकार से एनपीएस समाप्त कर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक बुढ़ापे के लिए जरूरी है।
यात्रा में जिलाध्यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, जिला मंत्री संतराम, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, संगठन मंत्री ह्रदेश कुमार, संप्रेक्षक प्रदीप कुमार, कार्यवाहक अध्यक्ष किशन बाबू, कार्यकारिणी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, महिला मोर्चा अध्यक्ष शशिप्रभा, जिला मीडिया प्रभारी चरण सिंह, जिला प्रवक्ता त्रिभुवन सिंह, जिला प्रभारी रणवीर सिंह, संयुक्त मंत्री राजू वाल्मीकि, उपाध्यक्ष पंकज कुमार, व्यवस्थापक कृष्ण कुमार समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल रहे।