लद्दाख चेक पोस्ट विवाद: विवादित वायरल लड़की बोली...मैं हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं
कारगिल के मिनामार्ग चेक पोस्ट पर सुरक्षा बलों से तीखी बहस करने वाली वायरल लड़की अब माफी मांग रही है. एक नेशनल चैनल से खास बातचीत में उसने साफ तौर पर कहा कि वो अपने किए पर शर्मिन्दा है और जवानों से माफी मांगती है.
न्यूज़ एंकर ने लड़की से पूछा कि आखिर हुआ क्या था? क्यों वो भड़क गई थी? इस पर लड़की ने कहा, 'उस दिन जो चीजें हुई थीं, उसका जो वीडियो लोगों ने डाला हुआ है वो करेक्ट वीडियो नहीं है. उसमें मैं हूं और उसमें मैं चिल्ला भी रही हूं, मैं फ्रस्टेट होकर बहुत चीजें बोल भी चुकी हूं. ये वीडियो एक महीने पुरानी है, जिसको आज वायरल करके मुझे बदनाम किया जा रहा है. जबकि मैं इंडियन आर्मी को इतना रिस्पेक्ट करती हूं. मैं कभी सपने में भी नहीं सोच सकती कि मेरी वजह से मेरे देश की इंडियन आर्मी को इतना बुरा लगा कि मैंने ये सब चीजें बोलीं.'
लड़की ने आगे बताया, 'उस दिन ये हुआ था कि हम लद्दाख से दिल्ली वापस आ रहे थे. हमें नहीं पता था कि उस दिन वीआईपी मूवमेंट होने वाला है या कुछ होने वाला है. हम लोग बैठे हुए थे तो हमें तीन-चार घंटे सुबह से वेट करते हुए हो गए. फिर हमने एक फौजी से पूछा कि सर और कितना टाइम लगेगा. उन्होंने बोला कि एक घंटा और लगेगा. फिर हम लोगों ने एक घंटा और वेट किया. वैसे वेट करते-करते छह घंटे हो गए.'
वायरल गर्ल ने आगे बताया, 'तब तक आगे से आवाजें आने लग गईं कि आगे फाइट चल रही है. हमलोग बहुत पीछे थे. हमलोग भी आगे गए. तो देखा कि सिक्योरिटी पर्सन और पब्लिक की फाइट चल रही थी. उस फाइट के बीच मैं भी चली गई और मैंने बोला कि मैं एक पेशेंट हूं मुझे बहुत प्रॉब्लम हो रहा है, छह घंटे हो गए हमलोग वॉशरूम नहीं जा पा रहे. कुछ नहीं कर पा रहे आपके वीआईपी मूवमेंट के चक्कर में हमलोग बहुत फ्रस्टेट हो रहे हैं. आपलोगों को हम लोग टैक्स पे करते हैं, सारी चीजें करते हैं तो हमारे साथ ये सब चीजें क्यों हो रही हैं. लेकिन उस चीज को इतना निगेटिव वे में दिखाया गया कि मैं इतना डिप्रेशन में चली गई कि मुझे यकीन नहीं हो रहा कि आज मैं कोई पब्लिक फिगर नहीं हूं सर. मैं कभी सोशल मीडिया पर भी नहीं रहती.'
लड़की ने आगे कहा, 'हां, ये सच है कि फ्रस्टेशन में जो कुछ मैंने बोला वो बिल्कुल सही नहीं था. मैंने भी वीडियो बनाई थी, आपने देखा होगा कि मैं भी वीडियो बना रही थी, मगर जब सो सारी चीजें खत्म हो गईं तो फिर मैंने तय किया कि मैं वीडियो नहीं डालूंगी. मैंने उन सर से वहां सॉरी भी बोला था. वहां की पुलिस को भी सॉरी बोला था. मैं अब दोबारा आपके माध्यम से सारी देश की जनता को और अपने इंडियन आर्मी को, जेएंडके की पुलिस को, लद्दाख पुलिस उमर अब्दुल्ला सर से मैं हाथ जोड़कर माफी मांगती हूं. मैं बहुत शर्मिन्दा हूं कि मेरी वजह से इतने लोगों को ठेस पहुंची.'
वायरल वीडियो में क्या था: दरअसल, ये लड़की कारगिल घूमने गई थी. वहां मिनामार्ग चेक पोस्ट पर चेकिंग के लिए रोका गया तो ये भड़क गई. इसने दूसरे पर्यटकों को भी भड़काया. लड़की वीडियो में कहती नजर आ रही है, 'हम जेन जेड हैं. हम इस बर्ताव को बर्दाश्त नहीं करेंगे. हम लोग पैसे देकर यहां घूमने आते हैं या रोड ब्लॉक जैसी चीजों का सामना करने आते हैं. इन्होंने अचानक रास्ता बंद करके ताला लगा दिया है. कश्मीरियों के साथ तो करते ही हैं, अब उन लोगों के साथ भी कर रहे हैं जो लोग यहां घूमने आते हैं. पूछने पर कोई अधिकारी नाम नहीं बता रहा है और कैमरा ऑन होते ही दूर चले गए हैं. हम पिछले 5 घंटे से यहां फंसे हैं. अब हम सब यहीं बैठेंगे. देखते हैं कि आपके अधिकारी और मंत्री के आने पर ये रास्ते कैसे खुलते हैं. हम किसी को जाने नहीं देंगे.'
Orai, Jalaun | Aug 21, 2026