प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को आवास की चाबी एवं द्वितीय किस्त का स्वीकृति पत्र वितरित
*VB-G RAM-G के तहत लाभुकों को जॉब कार्ड तथा 5 लाभुकों के बीच भूमि पर्चा का वितरण*
जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव के द्वारा आज जिले में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं आवासीय योजनाओं के लाभुकों के बीच लाभ का वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को नवनिर्मित आवास की चाबी प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के 07 लाभुकों को द्वितीय किस्त भुगतान हेतु स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान VB-G RAM-G योजना के तहत 10 लाभुकों को जॉब कार्ड भी वितरित किया गया। इसके अतिरिक्त 5 लाभुकों के बीच भूमि का पर्चा वितरित किया गया, जिससे उन्हें आवास निर्माण सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने लाभुकों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाए।
उन्होंने कहा कि पक्का आवास, रोजगार, भूमि एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं आमजन के जीवन में स्थायित्व एवं आत्मनिर्भरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास पूर्ण करने वाले लाभुकों को चाबी सौंपे जाने से उनके अपने पक्के घर का सपना साकार हुआ। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के लाभुकों को द्वितीय किस्त की स्वीकृति मिलने से आवास निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवास निर्माण से संबंधित योजनाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा लाभुकों को आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जॉब कार्ड एवं भूमि पर्चा प्राप्त करने वाले लाभुकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। लाभुकों ने सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए योजनाओं से मिले लाभ को अपने परिवार के लिए महत्वपूर्ण बताया।