*स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” के संकल्प के साथ मुजफ्फरपुर में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का शुभारंभ*
*17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक चलेगा विशेष अभियान, स्वच्छता के पांच प्रमुख पिलर पर होगा व्यापक आयोजन*
जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कार्यालय में “स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026” अभियान का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव एवं उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर “स्वच्छता में सहभागी, स्वच्छ भारत–विकसित भारत” के संदेश के साथ जिले में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान का आयोजन 17 सितंबर 2026 से 02 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता को जन-आंदोलन का स्वरूप देने, सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने तथा आम नागरिकों को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़ने के लिए व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए पांच प्रमुख पिलर निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत—
1. CTU रूपांतरण एवं स्वच्छ सार्वजनिक स्थान :
कठिन एवं अत्यधिक गंदे स्थानों की पहचान कर वहां विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। ऐसे स्थलों की सफाई के साथ-साथ उनका समयबद्ध रूपांतरण कर स्वच्छ एवं उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
2. स्वच्छ पाठशाला एवं युवा :
विद्यालयों के छात्र-छात्राओं तथा युवाओं को स्वच्छता अभियान से जोड़ते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन एवं जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। विद्यालय स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं स्वच्छता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
3. सफाई मित्र सुरक्षा एवं सम्मान शिविर :
स्वच्छता कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, सम्मान एवं कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उनके लिए सुरक्षा एवं सम्मान से संबंधित गतिविधियों तथा शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
4. जन भागीदारी फॉर स्वच्छता :
स्वच्छता अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं विभिन्न संगठनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्वच्छता के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी एवं व्यवहार परिवर्तन को बढ़ावा दिया जाएगा।
5. कबाड़ से जुगाड़ :
कबाड़ एवं अनुपयोगी सामग्री के रचनात्मक उपयोग, कबाड़ से कला निर्माण तथा प्लास्टिक रीसाइक्लिंग को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां एवं प्लास्टिक रीसाइक्लिंग मेला आयोजित किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने अभियान के दौरान Solid Waste Management Rules, 2026 (SWM Rules, 2026) के अनुपालन पर विशेष जोर दिया। इसके तहत आम नागरिकों के बीच कचरे के स्रोत पर ही पृथक्करण के लिए व्यापक सामुदायिक उत्प्रेरण एवं जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। लोगों को गीला कचरा, सूखा कचरा, निस्तारण योग्य/सैनिटरी कचरा, खतरनाक कचरा एवं अन्य कचरे को निर्धारित अलग-अलग डस्टबिन में रखने एवं उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे स्थायी स्वच्छता व्यवस्था एवं व्यवहार परिवर्तन से जोड़ा जाए। सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई, कचरे का उचित प्रबंधन, जन-जागरूकता तथा सामुदायिक सहभागिता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा सभी स्तरों पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत स्तरीय पदाधिकारी, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ मुजफ्फरपुर के निर्माण की दिशा में सामूहिक प्रयास किया जाएगा।