मसूरी टाउनहाल के बाहर पर्यटक और स्थानीय युवक में मारपीट, चाबी से हमला कर माथे किया घायल
स्कूटी को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंचा, आए दिन हो रहे विवादों से मसूरी की छवि हो रही खराब
मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद और मारपीट की घटनाएं शहर की छवि पर सवाल खड़े करने लगी हैं। गुरुवार देर शाम नगर पालिका टाउनहाल परिसर के बाहर स्कूटी को लेकर पर्यटक और स्थानीय युवक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि पर्यटक ने स्कूटी की चाबी से स्थानीय युवक के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाउनहाल के बाहर स्कूटी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। इसी दौरान पर्यटक द्वारा स्कूटी की चाबी से स्थानीय युवक के सिर पर वार किए जाने से उसे चोट लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे।
मामला बढ़ता देख लोगों ने मसूरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद स्थिति शांत हुई। देर शाम तक दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं मिली थी।
विवादों से पर्यटन नगरी की छवि पर असर
मसूरी में पर्यटकों की आवाजाही के बीच छोटी-छोटी बातों पर विवाद और मारपीट की घटनाएं चिंता का विषय बन रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे घटनाक्रम से न केवल शहर का माहौल प्रभावित होता है, बल्कि पर्यटकों के बीच भी गलत संदेश जाता है। पर्यटन नगरी की पहचान आपसी सौहार्द, शालीन व्यवहार और अतिथि सत्कार से जुड़ी है। ऐसे में पर्यटक और स्थानीय नागरिक दोनों पक्षों को संयम और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
शहर में लगातार सामने आ रहे विवादों के बीच पुलिस और प्रशासन के सामने भी सार्वजनिक स्थलों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती है। स्थानीय लोगों ने ऐसे मामलों में समय रहते हस्तक्षेप और विवादों को बढ़ने से रोकने की आवश्यकता जताई है।
#cmuttrakhkhand #BJPNEWS #congressnews #GaneshJoshi #CongressParty #Congressman #BJPGovernment #landslide #uttarkhand #ganesh
Mussoorie, Dehradun | Oct 1, 2026