कालपी में चोरों का आतंक!
तहसील-कोतवाली से चंद कदम दूर सूने मकान में साढ़े तीन लाख की चोरी, पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल
कालपी नगर में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
रविवार की रात तहसील परिसर और कोतवाली से चंद कदमों की दूरी पर स्थित गणेशगंज मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान के ताले तोड़कर करीब साढ़े तीन लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह ताले टूटे मिलने पर हुई, जिसके बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया।
गणेशगंज निवासी राजा भइया कुशवाहा अपनी पत्नी बबली, पुत्र रोहित, शिवम और पुत्री नंदनी के साथ रोजगार के सिलसिले में फतेहपुर के खागा में रहते हैं, जहां वह चाट का ठेला लगाते हैं।
कालपी स्थित मकान में ताला लगा हुआ था।
इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने कमरे और बक्से के ताले तोड़कर सोने की झुमकी, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी की पायल, बिछिया समेत अन्य जेवरात और करीब 50 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए।
गृहस्वामी के मुताबिक बड़े बेटे की शादी तय हो चुकी थी और शादी के लिए बनवाकर रखे गए जेवर भी घर में रखे थे।
चोरी के बाद परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ राजेश कमल, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी तथा रामगंज चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात सामने आई है।
लगातार चोरियों से उठ रहे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चोर तहसील और कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर सूने मकान को निशाना बना सकते हैं, तो नगर के अन्य मोहल्लों में आम नागरिकों की सुरक्षा कितनी मजबूत है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते करीब एक माह में इंदिरा नगर, अदलसराय, रामगंज, तरीबुल्दा सहित कई मोहल्लों में चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
खास बात यह है कि कई घटनाओं में सूने मकानों को ही निशाना बनाया गया।
इसके बावजूद चोरों तक पुलिस की पहुंच नहीं बन पा रही है।
पुलिस गश्त पर भी सवाल
पुलिस की ओर से लगातार गश्त और पिकेट व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन लगातार हो रही चोरियों ने इन दावों की जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नागरिकों का कहना है कि यदि पुलिस की सक्रियता इतनी प्रभावी है तो चोर बार-बार सूने घरों को चिन्हित कर वारदात कैसे कर रहे हैं?
क्या चोरों का कोई गिरोह नगर में सक्रिय है?
क्या सूने मकानों की पहले से रेकी की जा रही है?
रात की पुलिस गश्त आखिर किन इलाकों में हो रही है?
पिछली चोरी की घटनाओं में पुलिस को कितनी सफलता मिली?
क्या पुलिस ने पुराने चोरों और संदिग्धों की निगरानी बढ़ाई है?
तहसील-कोतवाली के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था चोरों को रोकने में क्यों नाकाम रही?
इन सवालों के जवाब अब कालपी की जनता पुलिस से चाह रही है।
फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन लगातार चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में भय और आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों ने रात में प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
#राजा_भइया_कुशवाहा #बबली_कुशवाहा #रोहित_कुशवाहा #शिवम_कुशवाहा #नंदनी_कुशवाहा #सीओ_राजेश_कमल #कालपी_कोतवाली #रामगंज_चौकी #कालपी_पुलिस
#जालौन_पुलिस #पुलिस_अधीक्षक_जालौन
#तहसील_कालपी #गणेशगंज
#कालपी #जालौन #क्राइम_न्यूज #ब्रेकिंग_न्यूज #BreakingNews #CrimeNews #Kalpi #Jalaun