28 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं से गुलजार गयाजी, सेवा में उतरे निगम के वार्ड पार्षद, दिव्यांग-बुजुर्गों को पहुंचा रहे पिंड स्थल तक
गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम में देश-विदेश से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। अब तक 28 लाख से अधिक तीर्थयात्री गयाजी पहुंच चुके हैं। फल्गु देवघाट समेत प्रमुख पिंडवेदी स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। तीर्थयात्रियों की सुविधा और बेहतर व्यवस्था को लेकर नगर निगम के जनप्रतिनिधि भी लगातार सेवा में जुटे हुए हैं।
रविवार की रात करीब 8 बजे नगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने फल्गु देवघाट पहुंचकर तीर्थयात्रियों से मुलाकात की और मेला व्यवस्था का फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं से सफाई, पेयजल, प्रकाश, आवागमन समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। जहां भी कमी सामने आई, वहां तत्काल संबंधित कर्मियों को निर्देश देकर सुधार कराया गया।
वार्ड संख्या-10 के पार्षद गोपाल कुमार और वार्ड संख्या-11 के पार्षद कुंदन कुमार फल्गु देवघाट पर विशेष रूप से दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं। दोनों पार्षद जरूरतमंद तीर्थयात्रियों को पिंडदान स्थल तक पहुंचाने में स्वयं सहयोग कर रहे हैं। भीड़ के बीच चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पार्षदों ने कहा कि पितृपक्ष मेला गयाजी की धार्मिक पहचान से जुड़ा है. देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना सौभाग्य है। प्रयास है कि किसी भी श्रद्धालु को पिंडदान और तर्पण के दौरान परेशानी नहीं हो।
उन्होंने बताया कि महापौर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, पूर्व डिप्टी मेयर एवं सशक्त स्थायी समिति सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव और नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार भी लगातार मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। सफाई, पेयजल, प्रकाश और अन्य सुविधाओं में कमी मिलने पर मौके पर ही सुधार कराया जा रहा है। निगम का लक्ष्य है कि गयाजी आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री को बेहतर सुविधा और सम्मान के साथ धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने का अवसर मिले।
#गयाजी
#गया_हो
#GayaPolice
#बिहार
#biharpolties
#samratchoudhary
#JitanRamManjhi
#पितृपक्ष