ग्वालियर में 8 वर्षीय मासूम के साथ घिनौनी हरकत का आरोप, पानी की टिक्की का लालच देकर कमरे पर ले गया आरोपी,
माता-पिता को जान से मारने की धमकी देकर बच्ची के साथ मारपीट का भी आरोप, हजीरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र में एक 8 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि बच्ची जब अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी आरोपी ने उसे पानी की टिक्की पिलाने का लालच दिया और अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक कमरे पर ले गया।
परिजनों की शिकायत के अनुसार, आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर बच्ची के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं। बच्ची ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बच्ची के चीखने-चिल्लाने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की, जिससे वह घायल हो गई।
मौका मिलते ही बच्ची आरोपी के चंगुल से निकलकर अपने घर पहुंची और अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन तत्काल बच्ची को लेकर हजीरा थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान विजय पासवान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का निवासी है और वर्तमान में ग्वालियर की पीएचई कॉलोनी, हजीरा में रह रहा था।
बच्ची के परिजनों की शिकायत पर हजीरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार का कहना है कि मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को जल्द ही माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
बाइट: नागेंद्र सिंह सिकरवार, सीएसपी, ग्वालियर।
Gwalior Police
Gwalior Gird, Gwalior | Nov 19, 2026