पार्टी के दौरान मारपीट में घायल संजय राजपूत की मौत, परिजनों ने डेड बॉडी लेकर पुरानी छावनी थाने का किया घेराव,
दिल्ली में उपचार के बाद घर लौटते समय तोड़ा दम, पुलिस पर कार्रवाई में लापरवाही के आरोप; CSP नागेंद्र सिकरवार ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
ग्वालियर। थाना पुरानी छावनी क्षेत्र के बरुआ गांव में पार्टी के दौरान हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल संजय राजपूत की उपचार के दौरान मौत हो गई। संजय राजपूत के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने 09 नवंबर 2026 को प्रकरण दर्ज कर उन्हें उपचार के लिए भेजा था। हालत गंभीर होने के चलते उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया था।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में उपचार कराने के बाद घर लौटते समय संजय राजपूत ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन संजय राजपूत का शव लेकर थाना पुरानी छावनी पहुंच गए और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही CSP नागेंद्र सिकरवार मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उनकी बात सुनी। इस दौरान परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। CSP ने परिवार को उचित पुलिस कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जांच के आधार पर धारा 307 एवं 302 के तहत कार्रवाई किए जाने का आश्वासन भी दिया।
फिलहाल इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और आरोपियों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
Gwalior Police