कानून के आगे नहीं चला रसूख: 41 दिन बाद कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश को अदालत ने भेजा जेल...
ग्वालियर में हत्या के प्रयास से जुड़े तीन साल पुराने मामले में लंबे समय से पेशी से गायब चल रहे पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को आखिरकार जेल की हवा खानी पड़ी है। 31 दिसंबर 2023 को घर के बाहर खड़े स्कूटर को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी दिनेश के लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने 7 अक्टूबर को उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। वारंट जारी होने के 41 दिन बाद जब दिनेश ने कोर्ट में सरेंडर कर राहत की गुहार लगाई, तो अदालत ने उसकी दलीलों को सिरे से खारिज कर दिया। कोर्ट ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई कि एक अन्य मामले में इसी परिसर से जमानत लेने के बावजूद वह इस केस की सुनवाई को जानबूझकर नजरअंदाज कर रहा था। न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना पर सख्त रुख अपनाते हुए अदालत ने विधायक पुत्र को कोई नरमी न देते हुए सीधे जेल भेजने का आदेश सुना दिया।