जमुई में प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बीयर बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
जमुई। मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के निर्देश पर रविवार सुबह उत्पाद विभाग की टीम ने गिद्धौर प्रखंड के बानाडीह के समीप कार्रवाई करते हुए एक प्राइवेट एंबुलेंस से 460 केन बीयर बरामद की। बरामद बीयर की कुल मात्रा 230 लीटर बताई गई है।
उत्पाद अधीक्षक के निर्देशन और उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई अश्विनी कुमार जांच अभियान चला रहे थे। इसी दौरान संदिग्ध एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मरीज के बेड के नीचे बने विशेष बॉक्स से बीयर की खेप बरामद हुई।
मामले में मौके से दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखीसराय जिले के पिटी बाजार थाना क्षेत्र के चौरा राजपुर निवासी सौरभ कुमार और रामायणपुर निवासी सत्यम कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद विभाग के अनुसार एंबुलेंस का इस्तेमाल मरीज ले जाने की आड़ में शराब परिवहन के लिए किया जा रहा था।
Jamui, Jamui | Sep 20, 2026