भागलपुर, 05 अगस्त 2026:- जिलाधिकारी, भागलपुर की पहल पर संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी (यक्ष्मा) मरीजों को प्रोटीन युक्त भोजन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामाजिक एवं चिकित्सकीय संस्थाओं को अभियान से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग, भागलपुर के जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा एवं जिला योजना समन्वयक (यक्ष्मा) श्री जितेंद्र प्रसाद ने मारवाड़ी सेवा समिति, भागलपुर के अध्यक्ष श्री राम गोपाल पोद्दार, संरक्षक श्री सज्जन कुमार किशोर, कोषाध्यक्ष श्री गोपाल राम चौधरी एवं महामंत्री श्री प्रभात केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने निश्चय पोषण योजना के तहत टीबी मरीजों को प्रोटीन युक्त भोजन सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।मारवाड़ी सेवा समिति ने स्वास्थ्य विभाग के अनुरोध पर तत्काल सकारात्मक पहल करते हुए 5 टीबी मरीजों को अगले 6 माह तक नियमित रूप से प्रोटीन युक्त भोजन सामग्री उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। समिति की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि भविष्य में और अधिक संख्या में यक्ष्मा मरीजों को इस योजना के तहत प्रोटीन युक्त भोजन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), भागलपुर द्वारा भी 20 यक्ष्मा रोगियों को प्रोटीन युक्त भोजन सामग्री वितरित की गई। यह कार्यक्रम आईएमए, भागलपुर के कार्यालय में आयोजित किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समाज के विभिन्न संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं नागरिकों से आगे आकर 'निश्चय मित्र' बनकर टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने की अपील की जा रही है, ताकि उन्हें बेहतर पोषण, नियमित उपचार एवं सामाजिक सहयोग प्राप्त हो सके और जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को शीघ्र हासिल किया जा सके।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, भागलपुर की अध्यक्ष डॉ. रोमा यादव, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ प्रसाद सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
JEEVIKA Bihar
Panchayati Raj Department, Government of Bihar
Bhagalpur District Administration