समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन सम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 17 नवम्बर 2026
पंचकोशी परिक्रमा मेला की तैयारियों की जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं पांचों पड़ावों के समग्र विकास को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
आज दिनांक 17 नवम्बर 2026 को जिला पदाधिकारी, बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में पंचकोशी परिक्रमा मेला के आयोजन एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई।
बैठक में बताया गया कि दिनांक 29 नवम्बर से 03 दिसंबर 2026 तक पंचकोशी परिक्रमा मेला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु परंपरागत पांच पड़ावों यथा अहिरौली, नदांव, भभुअर, बड़का नुआंव एवं चरित्रवन में धार्मिक अनुष्ठान एवं परिक्रमा करेंगे।
बैठक में उपस्थित पंचकोशी परिक्रमा समिति के सदस्यों द्वारा मेले के सुव्यवस्थित आयोजन, धार्मिक स्थलों के विकास तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी सुझावों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी, बक्सर को पांचों पड़ावों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, पर्याप्त शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही मेला स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों की आवश्यक मरम्मती, संपर्क पथों के सुदृढ़ीकरण एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मेले की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को दृष्टिगत रखते हुए पांचों पड़ावों पर आकर्षक प्रवेश एवं निकास द्वार विकसित करने तथा स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के समुचित विकास पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को सभी कार्यों की विस्तृत एवं समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन, बक्सर को पांचों पड़ावों पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं, मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाओं एवं प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य संबंधी परिस्थिति में श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी, बक्सर को मेले के दौरान विधि-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचकोशी परिक्रमा बक्सर की समृद्ध धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके आयोजन को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाना प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पांचों पड़ावों पर मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के साथ-साथ उनके समग्र एवं दीर्घकालिक विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
जिला जन सम्पर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration Buxar Police CMO Bihar Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary #bihar
Buxar, Bihar | Nov 17, 2026