समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 17 नवंबर 2026
आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में सेवा संकल्प सह कायाकल्प अभियान एवं अभियान बसेरा के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सेवा संकल्प सह कायाकल्प अभियान के तहत जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य संस्थानों एवं अन्य सरकारी परिसंपत्तियों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभागों की परिसंपत्तियों का नियमित निरीक्षण करने, आवश्यक मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने तथा अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि कायाकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी परिसंपत्तियों का सौंदर्यीकरण नहीं, बल्कि उन्हें आम नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ एवं उपयोगी बनाना है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान करें।
अभियान बसेरा की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने भूमिहीन एवं आवासहीन पात्र परिवारों की पहचान, लंबित मामलों के निष्पादन तथा नियमानुसार पात्र लाभुकों को भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचलवार लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को अभियान का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने पर बल दिया।
इसके साथ ही जिला पदाधिकारी ने जिले में भूमि के अभाव में भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों के लिए भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित अंचलाधिकारियों एवं शिक्षा तथा आईसीडीएस विभाग के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर ऐसे केंद्रों एवं विद्यालयों की उपलब्ध सरकारी भूमि की पहचान करने तथा नियमानुसार भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भूमि के अभाव में बच्चों की शिक्षा एवं पोषण संबंधी सुविधाओं के संचालन में बाधा नहीं आनी चाहिए।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि क्षेत्रीय पदाधिकारी स्वयं स्थल निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करें तथा भूमि की उपलब्धता, पात्रता एवं आवंटन से संबंधित मामलों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे, इसे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को दोनों अभियानों के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, नियमित अनुश्रवण एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन, बक्सर का संकल्प है कि सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को सम्मानजनक जीवन तथा बच्चों को शिक्षा एवं पोषण के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary #bihar #BuxarNews
Buxar, Bihar | Nov 17, 2026