#भरतपुर। नदबई में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाकर बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां बनाई गईं, जिन्हें देखने के लिए दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। मां पथवारी मंदिर सेवादल समिति की ओर से आयोजित 17वें विशाल महोत्सव में मयूर नृत्य, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और पंचमुखी हनुमान जी की झांकियों के साथ खाटू श्याम जी का भव्य दरबार सजाया गया। इसके अलावा वनखंडी मंदिर परिसर में पारंपरिक मेले का आयोजन हुआ, जहां बच्चों और परिवारों ने झूलों व स्टॉल्स का आनंद लिया। वहीं पंजाबी कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर में ठाकुरजी को आकर्षक झूले में विराजमान कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूरे दिन शहर में भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।