#भरतपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बयाना के भीतरबाड़ी स्थित अथाई पर कोली समाज की ओर से 36 घंटे के 40वें जवाबी हरि कीर्तन दंगल का शुभारंभ किया गया। नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन विनोद अग्रवाल बट्टा ने भगवान कृष्ण की पूजा-अर्चना कर इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दंगल में हमीरपुर, करौली, जालौन और वीरमपुरा से आईं प्रसिद्ध कीर्तन मंडलियों के कलाकारों ने वाद्ययंत्रों की धुन पर पौराणिक और ऐतिहासिक प्रसंगों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन स्थल पर भगवान कृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई और दर्शकों के लिए शीतल नींबू शिकंजी की व्यवस्था की गई, जिसे सुनने के लिए दिन-रात आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।