#भरतपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को पूंछरी का लौठा पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सपत्नीक श्रीनाथजी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मुकुट मुखारविंद मंदिर में पहुंचकर श्री गिरिराज जी का अभिषेक किया। उन्होंने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न की और प्रदेशवासियों के लिए मंगलकामना की। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक डॉ. शैलेश सिंह, बहादुर सिंह कोली, नौक्षम चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। जन्माष्टमी के अवसर पर पूंछरी का लौठा में श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।