शिक्षक राष्ट्र निर्माता एवं विद्यार्थियों के पथप्रदर्शक - डॉ. टी.पी. मिश्रा
शिक्षक दिवस केवल शिक्षकों को धन्यवाद देने का दिन नहीं, बल्कि उनके योगदान को स्मरण करने का अवसर है। शिक्षक युवाओं को दिशा देकर उनके भविष्य को गढ़ते हैं तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के लिए तैयार करते हैं। यह विचार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मंडला के प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा ने शिक्षक दिवस के अवसर पर भूगोल विभाग के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में व्यक्त किए।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता एवं विद्यार्थियों के पथप्रदर्शक हैं। भारतीय ज्ञान परंपरा में शिक्षक को विशेष स्थान प्राप्त है और इसी कारण भारत को विश्वगुरु की पदवी मिली। शिक्षक देश एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के साथ राष्ट्र निर्माण का मार्ग भी प्रशस्त करते हैं। यही कारण है कि वर्ष 1962 से प्रारंभ हुआ शिक्षक दिवस मनाने का यह सिलसिला आज भी निरंतर जारी है।
विभागाध्यक्ष डॉ. बी. टेम्भरे ने शिक्षक शब्द की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राष्ट्रपति, वैज्ञानिक और दार्शनिक जैसे उच्च पदों पर आसीन होने के बावजूद स्वयं को शिक्षक के रूप में याद किया जाना पसंद करते थे। यह शिक्षक शब्द की गरिमा और महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कोई व्यक्ति कितना भी महान अथवा बड़े पद पर प्रतिष्ठित क्यों न हो, अपने बच्चों को ज्ञान एवं संस्कार देने के लिए उसे शिक्षक के पास ही भेजना पड़ता है।
समारोह में भूगोल विभाग के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रभक्ति एवं गुरु भक्ति से ओतप्रोत विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक गीत एवं नृत्य प्रस्तुत किए गए। भारतीय कृषकों के वार्षिक कैलेंडर तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों पर आधारित नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति ने बहुउद्देशीय हॉल में उपस्थित विद्यार्थियों एवं अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में प्रवेश करते ही विद्यार्थियों ने सभी गुरुजनों पर पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया। इसके पश्चात प्राचार्य डॉ. टी.पी. मिश्रा, डॉ. बी. टेम्भरे एवं वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा मां सरस्वती तथा डॉ. राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन किया गया। विद्यार्थियों ने सभी गुरुजनों का तिलक-वंदन कर उन्हें विश्व भूगोल से संबंधित दीप-ज्योति के प्रतीक चिह्न भेंट किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla