आधुनिक शिक्षण तकनीक, एआई और गतिविधि आधारित शिक्षण पर दिया गया जोर
कक्षा दसवी के शिक्षकों का छह दिवसीय अकादमिक प्रशिक्षण संपन्न
स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत समग्र शिक्षा अभियान के तहत कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों को अध्यापन कराने वाले शिक्षकों का छह दिवसीय विषयवार जिला स्तरीय अकादमिक प्रशिक्षण सगुन हॉल, मण्डला में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकडे तथा एडीपीसी श्री एल.एस. मसराम के मार्गदर्शन में किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों के अकादमिक स्तर को मजबूत करने, अध्यापन की गुणवत्ता बढ़ाने तथा कक्षा में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी शिक्षण विधियों से परिचित कराना रहा। अगस्त माह से प्रारंभ यह प्रशिक्षण छह माह तक निरंतर संचालित होने वाली अकादमिक उन्नयन प्रक्रिया का हिस्सा है।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स द्वारा कठिन एवं जटिल अवधारणाओं को गतिविधि आधारित एवं रोचक शिक्षण पद्धतियों के माध्यम से सरल तरीके से समझाने के तरीकों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर भी शिक्षकों को जानकारी दी गई।
सहायक परियोजना समन्वयक श्री मुकेश पाण्डेय ने प्रशिक्षण के दौरान विभागीय योजनाओं, शासकीय पोर्टल, परीक्षा प्रबंधन, उमंग, उज्ज्वल, एआई एवं अन्य अकादमिक विषयों से संबंधित तकनीकी जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण में हिन्दी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों के मास्टर ट्रेनर्स ने शिक्षकों को विषयवार मार्गदर्शन दिया। प्रशिक्षण में जिले के शासकीय हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों के साथ जनजातीय कार्य विभाग के शिक्षक एवं अतिथि शिक्षक सहित कुल 1,260 शिक्षकों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण के प्रभाव का आकलन करने के लिए प्रारंभ में प्री-टेस्ट तथा समापन पर पोस्ट-टेस्ट आयोजित किया गया। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण सामग्री, वर्किंग लंच एवं रिफ्रेशमेंट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
12 views | Mandla, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026