*उधाडीह तालाब हादसे में मृत 6 व्यक्तियों के आश्रितों को ₹24 लाख की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान*
भागलपुर, 22 सितंबर 2026।
दिनांक 21 सितंबर 2026 को सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम उधाडीह, पंचायत वीरखुदर में कर्मा-धर्मा एकादशी के अवसर पर तालाब में स्नान एवं पूजा के लिए फूल तोड़ने के क्रम में एक दुखद घटना घटित हुई थी। उक्त घटना में 6 व्यक्तियों की डूबने से मृत्यु हो गई थी।
घटना में मृत 6 व्यक्तियों के आश्रितों को आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को नियमानुसार ₹4-₹4 लाख की अनुग्रह सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया। चेक का वितरण अनुमंडल पदाधिकारी, सदर भागलपुर के कार्यालय कक्ष में माननीय विधायक, सुल्तानगंज प्रो. ललित नारायण मंडल, अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन श्री कुंदन कुमार एवं अनुमंडल पदाधिकारी, सदर भागलपुर श्री विकास कुमार द्वारा किया गया।
मृतकों का विवरण निम्नवत है—
1. ज्योति कुमारी, पिता—धनंजय मंडल, ग्राम राजन्दीपुर, सबौर, उम्र—12 वर्ष।
2. आयुष कुमार, पिता—विनोद मंडल, ग्राम विष्णु टोला, वार्ड-27, नगर परिषद सुल्तानगंज, उम्र—12 वर्ष।
3. राहुल कुमार, पिता—पुरन मंडल, ग्राम विष्णु टोला, वार्ड-27, नगर परिषद सुल्तानगंज, उम्र—10 वर्ष।
4. पूजा कुमारी, पिता—पुरन मंडल, ग्राम विष्णु टोला, वार्ड-27, नगर परिषद सुल्तानगंज, उम्र—14 वर्ष।
5. विकास कुमार, पिता—रंजन कुमार, ग्राम विष्णु टोला, वार्ड-27, नगर परिषद सुल्तानगंज, उम्र—12 वर्ष।
6. मीनाक्षी कुमारी, पिता—बाल्मीकि मंडल, ग्राम विष्णु टोला, वार्ड-27, नगर परिषद सुल्तानगंज, उम्र—10 वर्ष।
इस प्रकार घटना में मृत 6 व्यक्तियों के आश्रितों को कुल ₹24 लाख की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई।
जिला प्रशासन, भागलपुर द्वारा इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की गई है। जिला प्रशासन ने कहा कि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
7 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 22, 2026