*पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावासों में मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण, विद्यार्थी सहयोग शिविर में समस्याओं के समाधान का आश्वासन*
भागलपुर, 22 सितंबर 2026।
जिला पदाधिकारी, भागलपुर के निर्देश के आलोक में जिले के अन्य पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावासों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में आज दिनांक 22 सितंबर 2026 को अन्य पिछड़ा वर्ग बालक कल्याण छात्रावास, भागलपुर का संयुक्त निरीक्षण जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर एवं सहायक अभियंता, भवन प्रमंडल, भागलपुर द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया तथा भवन से संबंधित आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई।
साथ ही, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता द्वारा छात्रावास परिसर में नए बोरिंग की आवश्यकता एवं वर्तमान में कार्यरत बोरिंग की स्थिति का निरीक्षण किया गया। बोरिंग की कार्यशीलता तथा छात्रावास में पेयजल की उपलब्धता से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई।
इसी क्रम में जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास, भागलपुर में भी लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कनीय अभियंता द्वारा नए बोरिंग की आवश्यकता एवं वर्तमान बोरिंग की स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान छात्रावासों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा आवश्यक सुधार के बिंदुओं का आकलन किया गया और आवश्यक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया।
अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय, शाहकुंड में विद्यार्थी सहयोग शिविर
वहीं, आज ही अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय, शाहकुंड, भागलपुर में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में आवेदन प्राप्त किए गए तथा उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
शिविर के दौरान पूर्व में आयोजित विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। पूर्व में प्राप्त आवेदनों के समाधान से संतुष्ट छात्राओं ने जिला प्रशासन एवं संबंधित पदाधिकारियों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में भवन, पेयजल, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यार्थियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त करते हुए उनके यथासंभव त्वरित समाधान की दिशा में लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
4 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 22, 2026