*SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के त्वरित एवं अक्षरशः अनुपालन का जिला पदाधिकारी ने दिया निर्देश*
भागलपुर, 22 सितंबर 2026। जिला पदाधिकारी, भागलपुर श्रीमती अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की वर्ष 2026 की द्वितीय बैठक समीक्षा भवन में आयोजित की गई।
बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के प्रावधानों के त्वरित एवं अक्षरशः अनुपालन, पीड़ितों/आश्रितों को अनुमान्य मुआवजा एवं अन्य लाभ उपलब्ध कराने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
समिति की अध्यक्ष-सह-जिला पदाधिकारी द्वारा बैठक में निम्नलिखित निर्देश दिए गए एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई—
1. वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस अधिनियम के तहत आवंटित राशि से अब तक 145 पीड़ितों/आश्रितों को लाभान्वित किया जा चुका है।
2. इस अधिनियम के अंतर्गत चालू वर्ष में जिले में अब तक कुल 98 मामले दर्ज किए गए हैं। सभी मामलों में पीड़ितों/आश्रितों को अधिनियम के तहत अनुमान्य मुआवजा राशि का जिला पदाधिकारी की स्वीकृति के उपरांत भुगतान किया जा चुका है।
3. SC/ST Act के तहत कुल 51 आश्रितों को अनुमान्य पेंशन राशि का प्रतिमाह ससमय भुगतान किया जा रहा है।
4. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) नियम, 1989, समय-समय पर यथासंशोधित, के नियम 15(1)(घ) के तहत दर्ज हत्या के मामलों में 02 आश्रितों को नौकरी का लाभ दिलाया जा चुका है।
5. बैठक में जिला पदाधिकारी-सह-अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिया गया कि इस अधिनियम का दुरुपयोग किसी भी स्तर पर नहीं होने दिया जाए। जाँच पदाधिकारी संवेदनशीलता के साथ ऐसे मामलों की जाँच करना सुनिश्चित करेंगे तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
6. अगस्त माह में निष्पादित कांडों की संख्या अपेक्षाकृत कम रहने के कारण विशेष लोक अभियोजक, SC/ST Act को निर्देश दिया गया कि वे व्यक्तिगत रूप से रुचि लेते हुए सितंबर एवं अक्टूबर माह 2026 में निष्पादित कांडों की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करें। साथ ही, माननीय न्यायालय में गवाही हेतु साक्षियों को थाना के माध्यम से उपस्थित कराने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, भागलपुर के कार्यालय से समन्वय स्थापित करना भी सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में संबंधित पदाधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित थे।
जिला जन-संपर्क कार्यालय,
भागलपुर
7 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 22, 2026