विक्रमशिला सेतु के संभावित बंद रहने की अवधि को देखते हुए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं की तैयारी के निर्देश*
भागलपुर, 22 सितंबर 2026।
विक्रमशिला सेतु के आगामी अवधि में बंद रहने की संभावित स्थिति को देखते हुए आमजनों एवं यात्रियों के आवागमन को सुगम, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा वैकल्पिक यातायात व्यवस्था तथा आवश्यक जन-सुविधाओं की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने हेतु कार्रवाई तेज कर दी गई है।
इस संबंध में जिला पदाधिकारी, भागलपुर द्वारा गठित समिति को वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, नाव/क्रूज परिचालन तथा यात्रियों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की समीक्षा एवं स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा विशेष रूप से भागलपुर से नवगछिया तक दोनों ओर से जलमार्ग में संचालित होने वाले नाव/क्रूज के रूट-चार्ट का निर्धारण करने तथा निर्धारित रूट के अनुरूप बड़े एवं छोटे नाव/क्रूज के परिचालन हेतु प्रारंभिक स्थल से अंतिम स्थल तक समय-सारणी तैयार कर परिचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
साथ ही, परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, यातायात, पथ निर्माण विभाग, नगर निकाय, प्रखंड/अंचल तथा अन्य संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के साथ आवश्यक समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
वैकल्पिक यातायात एवं यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान
विक्रमशिला सेतु के बंद रहने की अवधि में आमजनों एवं वाहनों के आवागमन के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर पर्याप्त यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन एवं अन्य आवश्यक यातायात नियंत्रण उपाय लागू करने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए उपयुक्त Boarding एवं De-Boarding Points का स्थल निरीक्षण कर चिन्हांकन करने का निर्देश दिया गया है।
चिन्हित Boarding एवं De-Boarding Points पर यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए सुरक्षित स्थान, वाहनों के व्यवस्थित ठहराव तथा भीड़ नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था के अंतर्गत निर्धारित किराया/दर को प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों द्वारा आवश्यक निगरानी एवं कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा विक्रमशिला सेतु के संभावित बंद रहने की अवधि में आमजनों एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को सुचारू एवं प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इस क्रम में नाव/क्रूज के परिचालन से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं, उपलब्ध कराए जाने वाले इन्फ्रास्ट्रक्चर तथा सुरक्षा मानकों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि यात्रियों का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम रूप से हो सके।
ज़िला जनसंपर्क कार्यालय
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#vikramshila
11 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 22, 2026