*प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के तहत 25,000 लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता का हस्तांतरण*
भागलपुर, 22 सितंबर 2026। ऊर्जा विभाग, बिहार सरकार द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्य के 25,000 लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता के हस्तांतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय उप मुख्यमंत्री, बिहार श्री विजय कुमार चौधरी एवं श्री विजेन्द्र प्रसाद यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री, ऊर्जा विभाग, बिहार श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल द्वारा की गई।
कार्यक्रम के दौरान पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों को जोड़ा गया। इसी क्रम में भागलपुर जिले के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
भागलपुर जिले से माननीय सांसद श्री अजय कुमार मंडल, जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे, उप विकास आयुक्त श्री रवि राकेश सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर परिवारों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा बिजली के बिल में कमी लाना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को केंद्र सरकार के साथ-साथ बिहार सरकार द्वारा भी अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना के अंतर्गत सोलर सिस्टम की क्षमता के अनुसार केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निम्नलिखित वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है—
1 किलोवाट सोलर सिस्टम: केंद्र सरकार की सब्सिडी ₹30,000 तथा बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी ₹10,000, अर्थात कुल ₹40,000 की सहायता।
2 किलोवाट सोलर सिस्टम: केंद्र सरकार की सब्सिडी ₹60,000 तथा बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी ₹20,000, अर्थात कुल ₹80,000 की सहायता।
3 किलोवाट सोलर सिस्टम: केंद्र सरकार की सब्सिडी ₹78,000 तथा बिहार सरकार की अतिरिक्त सब्सिडी ₹20,000, अर्थात कुल ₹98,000 तक की सहायता।
भागलपुर जिले में योजना की प्रगति
भागलपुर जिले के लिए योजना के अंतर्गत 15,000 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक 2,512 उपभोक्ताओं द्वारा आवेदन, 2,149 उपभोक्ताओं द्वारा वेंडर का चयन तथा 1,193 सोलर पैनलों की स्थापना की जा चुकी है।
योजना का लाभ लेने के लिए आवश्यक पात्रता
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का भारत का स्थायी नागरिक होना, घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए पर्याप्त एवं उपयुक्त स्थान उपलब्ध होना तथा घर में वैध बिजली कनेक्शन एवं मीटर होना आवश्यक है। साथ ही, आवेदक द्वारा पूर्व में किसी अन्य सोलर योजना के अंतर्गत सब्सिडी का लाभ नहीं लिया गया होना चाहिए।
आवेदन की प्रक्रिया
इच्छुक उपभोक्ता आधिकारिक PM Surya Ghar Portal पर पंजीकरण कर अपना राज्य, बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) एवं उपभोक्ता खाता संख्या दर्ज कर आवेदन कर सकते हैं। तकनीकी स्वीकृति प्राप्त होने के बाद पोर्टल पर सूचीबद्ध पंजीकृत वेंडर के माध्यम से सोलर पैनल स्थापित कराया जा सकता है।
सोलर सिस्टम की स्थापना एवं नेट मीटर लगने के बाद बैंक विवरण तथा आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने पर सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है।
कार्यक्रम के माध्यम से जिलेवासियों से अपील की गई कि वे प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित कर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को अपनाने के साथ-साथ बिजली के खर्च में कमी लाएं।
जिला जन-संपर्क कार्यालय,
भागलपुर
13 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 22, 2026