बच्चों की सुरक्षा पर आधारित प्रोजेक्ट ने दिलाया पीएम श्री स्कूल होली को जिला स्तर पर दूसरा स्थान
रिद्धि और सानवी के नवाचारी विचारों ने निर्णायक मंडल को किया प्रभावित, इनोवेटिव आइडिया हैकाथॉन में विद्यालय ने बढ़ाया भरमौर का गौरव
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
जिला स्तरीय इनोवेटिव आइडिया हैकाथॉन प्रतियोगिता में पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं रिद्धि और सान्वी ने बच्चों की सुरक्षा (चाइल्ड सेफ्टी) विषय पर आधारित अपना नवाचारी प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपने अभिनव विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। इस दौरान पीएम श्री स्कूल होली की छात्राओं रिद्धि और सान्वी ने बच्चों की सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए टेलीविजन आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किया। उनके इस प्रोजेक्ट को सराहना मिली और विद्यालय ने जिला स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे भरमौर क्षेत्र में खुशी की लहर है। यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, नवाचार के प्रति रुचि और शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने रिद्धि और सान्वी को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, समस्या समाधान की क्षमता और नए विचारों को वास्तविक स्वरूप देने का अवसर प्रदान करती हैं।
Dharwala, Chamba | Nov 23, 2026