जनजातीय पंचायत जगत पहुंचे एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, ग्रामीणों की समस्याएं सुन अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किसानों को किया प्रेरित, भरमौर के पांच स्कूलों को सीबीएसई संबद्धता मिलने को बताया बड़ी उपलब्धि
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
कृषि उपज विपणन समिति (एपीएमसी) चंबा के अध्यक्ष ललित ठाकुर ने रविवार को भरमौर विधानसभा क्षेत्र की जनजातीय ग्राम पंचायत जगत का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और बिजली, पेयजल तथा सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए ललित ठाकुर ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के पांच विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्धता मिलने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्र के पांच विद्यालयों को सीबीएसई से जोड़ना क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे ग्रामीण परिवेश के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलेगी।
इस दौरान उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व और इसके दूरगामी लाभों से भी अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती अपनाने से किसानों की उत्पादन लागत कम होने के साथ भूमि की उर्वरता और पर्यावरण का संरक्षण भी संभव है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खादों एवं कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती पद्धति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए इस पद्धति को प्रोत्साहित कर रही है।
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल और सड़क सुविधा से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। ललित ठाकुर ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिलना चाहिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा, खंड विकास अधिकारी संजय वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव कुमार, अनुसंधान अधिकारी अतुल शर्मा, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग विवेक चंदेल, विषयवाद विशेषज्ञ बागवानी मनोहर लाल, तहसील कल्याण अधिकारी विकास, बाल विकास परियोजना अधिकारी मुनीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।