विकसित भारत PPT प्रतियोगिता में EMRS भरमौर की तीन छात्राओं ने चमकाया नाम, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन
रमेश्वरी ने हासिल किया तीसरा, अपराजिता ने पांचवां और दिवांशी ने छठा स्थान; एसडीएम चिराग ने थपथपाई छात्राओं की पीठ
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) भरमौर की तीन होनहार छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जिला स्तरीय विकसित भारत PPT प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीनों छात्राओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
चंबा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा रमेश्वरी ने तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि अपराजिता ने पांचवां और दिवांशी ने छठा स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। तीनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से विषय की बेहतर समझ, रचनात्मक सोच और प्रस्तुतीकरण कौशल का परिचय दिया। उनकी इस उपलब्धि पर एसडीएम चिराग ने भी छात्राओं की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और भविष्य में भी इसी तरह मेहनत एवं लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी तीनों छात्राओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। छात्राओं की यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे भरमौर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।