त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं भव्य बनाने समयपूर्व पूरी हो सभी व्यस्थाएं- कलेक्टर श्री यादव
===
त्यौहारों में शांति एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता- पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि
==
शारदेय नवरात्र, दशहरा, दीपावली एवं गुरु नानक जयंती को लेकर शांति समिति की बैठक संपन्न
==
परंपरा की गरिमा के साथ सुरक्षित, व्यवस्थित और उल्लासपूर्ण आयोजन सभी व्यवस्थाएं समय पर होगी
==
साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सड़कों की मरम्मत के निर्देश,
==
शारदेय नवरात्र, गरबा, दशहरा चल समारोह, दीपावली एवं गुरु नानक जयंती सहित आगामी पर्वों को हर्षोल्लास, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जायेगी।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित शांति समिति की बैठक में विशेष रूप से महिला एवं श्रद्धालु सुरक्षा, पंडालों एवं आयोजन स्थलों की सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश, यातायात और विसर्जन व्यवस्था एवं जनसुविधाओ पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि सहित शांति समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा सभी त्योहार धूमधाम एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों तथा किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा नगर में साफ-सफाई, प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, खराब सड़कों की मरम्मत सहित अन्य आवश्यक कार्य समय से पहले पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने आयोजकों से भी अपील की कि वे अपने-अपने आयोजनों में आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखें और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न हो। कलेक्टर ने कहा त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
100 वर्ष की गौरवशाली रावण दहन परंपरा
कलेक्टर श्री यादव ने कहा शांति समिति की बैठक में जिले की गौरवशाली परंपराओं को लेकर भी चर्चा हुई। दमोह में लगभग 100 वर्षों से रावण दहन की परंपरा चली आ रही है। उन्होंने कहा रावण दहन के आयोजन के लिए दमोह का नाम देश के गिने-चुने स्थानों में आता है। इस परंपरा के 99 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं और इस वर्ष 100 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा जिस भव्यता और उत्साह के साथ अब तक रावण दहन का आयोजन होता आया है, उसी भावना के साथ इस वर्ष भी सभी मिलकर आयोजन को और गरिमामय मनाया जाये। प्रशासन की ओर से आयोजन के लिए बेहतर से बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन द्वारा इस बार और बेहतर व्यवस्थाओं एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के साथ त्यौहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा त्यौहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न त्यौहारों के आयोजक समिति के सदस्यों के साथ अलग से बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी, ताकि आयोजन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएं और बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जा सकें।
महिला सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
बैठक में महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रमुख आयोजन स्थलों पर शक्ति टीम की नियमित निगरानी रहेगी तथा आवश्यकता के अनुसार महिला पुलिस बल तैनात किया जाएगा। महाकाली चौराहा, बड़ी देवी मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था रहेगी।
गरबा आयोजकों को प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुरक्षा चेकलिस्ट का पालन करने के लिए कहा गया। गरबा स्थलों पर प्रवेश एवं निकास की व्यवस्थित व्यवस्था, पहचान-पत्र की जांच तथा पूरे परिसर को कवर करते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।
पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सभी पंडालों में विद्युत व्यवस्था, जनरेटर, अग्निशमन यंत्र, पानी और आपातकालीन संसाधनों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बड़े पंडालों की मजबूती का संबंधित अधिकारियों द्वारा परीक्षण कर आवश्यक प्रमाण-पत्र देने को कहा गया।
मूर्ति स्थापना एवं आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे इस प्रकार लगाए जाएं कि प्रवेश, निकास, मूर्ति स्थल और पूरा परिसर निगरानी में रहे। रिकॉर्डिंग का बैकअप पर्व समाप्ति के बाद भी सुरक्षित रखा जाए। मूर्ति लाने से पूर्व संबंधित थाना प्रभारी एवं तहसीलदार को सूचना देने के लिए कहा गया।
पटाखा बाजार में सुरक्षा मानकों का पालन
पटाखों के अस्थाई लाइसेंस नियमानुसार आवेदन के 24 घंटे के भीतर जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पटाखा बाजार के लिए ऐसे स्थल का चयन किया जाएगा, जहां पर्याप्त पार्किंग हो तथा दुकानों के बीच निर्धारित दूरी रखी जा सके, ताकि सुरक्षा मानकों का पालन हो।
जवारा एवं प्रतिमा विसर्जन की विशेष व्यवस्था
दीवान जी की तलैया में जवारा विसर्जन के लिए विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त पानी एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रतिमा विसर्जन में भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए क्रेन के माध्यम से विसर्जन की व्यवस्था पर शांति समिति ने सहमति व्यक्त की। इसके लिए 8×8 फीट का प्लेटफॉर्म तैयार करने तथा आयोजकों एवं यातायात पुलिस के समन्वय से आवश्यक व्यवस्था बनाने का निर्णय लिया गया।
यातायात व्यवस्था और बाजार में सुगम आवागमन
त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए घंटाघर सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। सड़क पर अस्थाई दुकानें लगाने तथा दुकानों के बाहर सामान रखने से होने वाली समस्या को देखते हुए व्यापारियों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
जिला व्यापारी संघ की ओर से प्रशासन को सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा गया कि आवागमन प्रभावित करने वाले अतिक्रमण को हटाने में व्यापारी प्रशासन का सहयोग करेंगे। छोटे व्यापारियों को तहसील ग्राउंड में व्यवस्थित करने के लिए उन्हें पूर्व सूचना देने पर भी सहमति बनी।
स्वच्छता, प्रकाश और जलापूर्ति पर विशेष ध्यान
नगर पालिका को प्रमुख मंदिरों, पंडालों, विसर्जन स्थलों और मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश एवं जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों से पूर्व सड़कों के गड्ढों को भरने और आवश्यक मरम्मत कार्य पूर्ण कराने को कहा गया। बड़ी देवी मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में पार्किंग, प्रकाश, पुलिस एवं स्वयंसेवकों की व्यवस्था रखने पर भी चर्चा हुई, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
विद्युत, ध्वनि एवं अग्नि सुरक्षा की नियमित निगरानी
कलेक्टर ने विद्युत तारों एवं अस्थाई कनेक्शनों की जांच कर सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कटी-पड़ी तारों को तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। पंडालों में अग्निशमन उपकरण एवं पानी की उपलब्धता अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया।
उन्होने ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित सीमा में करने तथा आयोजनों में किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि नहीं होने देने के निर्देश दिए । पर्वों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक गरिमा बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन ने मांगा नागरिकों और आयोजकों का सहयोग
कलेक्टर श्री यादव ने कहा गणेश उत्सव के दौरान जिस तरह नागरिकों, आयोजकों, व्यापारियों और प्रशासन ने आपसी सहयोग से व्यवस्थाएं सफल बनाई थीं, उसी भावना से आगामी पर्वों को भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने में सभी सहयोग करें। शांति समिति की बैठक में सामने आए सुझावों एवं चिंताओं पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए प्रशासन पर्वों के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तत्परता से सुनिश्चित करेगा।
13 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026