आनू के पास ट्रैक्टर ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत; ग्रामीणों ने किया चक्काजाम
एसडीएम मौके पर पहुंचे, कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
दमोह। दमोह-हिंडोरिया मार्ग पर आनू के पास चौपरा तिगड्डा में बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार अजय उर्फ तुलसी पिता खूबचंद पटेल, निवासी चौपरा, की मौके पर मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना पर हिंडोरिया थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर और बांदकपुर चौकी प्रभारी बीएस हजारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी, ट्रैक्टर जब्त करने और बुलडोजर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बुधवार रात करीब 8 बजे एसडीएम सौरभ गंधर्भ मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं। मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच जारी है।
Damoh, Damoh | Oct 7, 2026