#बालाघाट
जिला स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक में ऋण वितरण की हुई समीक्षा
सभी शासकीय योजनाओं में शत-प्रतिशत ऋण वितरण का लक्ष्य जनवरी तक पूरा करें : कलेक्टर श्री सिंह
कलेक्टर श्री आदित्य सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति एवं जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के दौरान विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत ऋण वितरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार, विभिन्न बैंकों के समन्वय अधिकारी एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उद्यम क्रांति, पीएम विश्वकर्मा, संत रविदास, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण, भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण, पीएम स्वनिधि, पीएमएफएमई, किसान क्रेडिट कार्ड, मुद्रा लोन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी शासकीय योजनाओं में ऋण वितरण के शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरे किए जाएं। इसके लिए मार्च माह तक इंतजार करने के बजाय जनवरी 2027 तक लक्ष्य हासिल करने का प्रयास करें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को ऋण प्रकरण गंभीरता और सावधानी से तैयार करने तथा बैंकों को समय पर भेजने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के नक्सल प्रभावित रहे 100 गांवों के विकास में बैंकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन गांवों में लोगों को आसानी से बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा बैंक सीएसआर के तहत भी इन गावों के विकास कार्यों में सहयोग करें। उन्होंने बैंक अधिकारियों को आश्वस्त किया कि ऋण वसूली में जिला प्रशासन पूरा सहयोग करेगा। ब्रिक्स योजना के तहत ऋण वसूली के लिए राजस्व विभाग को बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
बैठक में अग्रणी बैंक प्रबंधक श्री संजीव कुमार ने सभी अधिकारियों से कहा कि पीएम स्वनिधि सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के यूपीआई का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #gaddeptmp
Balaghat, Madhya Pradesh | Nov 12, 2026