सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता संपन्न
________________
9 विकासखंडों के 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
________________
रस्साकशी में बालक वर्ग में खरगोन और बालिका वर्ग में गोगांवा ब्लॉक विजेता
________________
खरगोन 10 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खेल और युवा कल्याण विभाग द्वारा स्टेडियम मैदान, खरगोन में 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के 9 विकासखंडों के लगभग 200 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान 100 मीटर दौड़ एवं रस्साकशी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 31 के पार्षद श्री भागीरथ बडोले, जिला उपाध्यक्ष श्री पंकज परिहार तथा जिला पुलिस विभाग के रक्षित निरीक्षक श्री सोनू वर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रस्साकशी में खरगोन और गोगांवा ब्लॉक विजेता
रस्साकशी के बालक वर्ग में खरगोन ब्लॉक की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बड़वाह ब्लॉक की टीम उपविजेता रही। वहीं, बालिका वर्ग में गोगांवा ब्लॉक की टीम विजेता तथा खरगोन ब्लॉक की टीम उपविजेता रही।
100 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान
100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में खरगोन के कृष्णा सांवले ने प्रथम, कसरावद के राहुल सिसोदिया ने द्वितीय तथा कसरावद के अश्विन बर्डे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में भगवानपुरा की आरती आर्य प्रथम, गोगांवा की संध्या यादव द्वितीय तथा गोगांवा की दीक्षा राजेश तृतीय स्थान पर रहीं।
आयोजन में अधिकारियों-कर्मचारियों का रहा सहयोग
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान