“स्वस्थ युवा-विकसित भारत” अभियान के तहत विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित
________________
गोला फेंक, 100 मीटर दौड़ और कबड्डी में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
________________
विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र एवं ट्रॉफी देकर किया सम्मानित, युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए किया प्रेरित
________________
खरगोन 23 नवंबर 2026। मेरा युवा भारत, खरगोन (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा जिला युवा अधिकारी श्री कुशांग चौहान के निर्देशन में “स्वस्थ युवा-विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ब्लॉक खरगोन के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक श्री देवेंद्र मोरे के नेतृत्व में कन्या देवी रुक्मणी विद्यालय मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती शुभांगी बेहरे द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेल विधाओं के विजेताओं की घोषणा की गई। बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में नीलेश तरोले ने प्रथम, रितिक बिल्लोरे ने द्वितीय एवं लक्ष्य सांवले ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में उर्वशी चौहान प्रथम, नेहा साल्वे द्वितीय एवं प्रीति बड़ोले तृतीय स्थान पर रहीं।
इसी प्रकार 100 मीटर दौड़ के बालक वर्ग में हर्षित पाटीदार ने प्रथम, ऋषभ सोलंकी ने द्वितीय एवं सुमित दर्शन पटेल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में प्रीति बड़ोले प्रथम, निधि खरते द्वितीय एवं प्रज्ञा यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में देवी रुक्मणी युवा मंडल विजेता तथा महर्षि युवा मंडल उपविजेता रहा। वहीं बालिका वर्ग में पीजी महिला मंडल ने विजेता और देवी रुक्मणी महिला मंडल ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों एवं टीमों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री भोलू कर्मा एवं प्राचार्य श्रीमती शुभांगी बेहरे मंचासीन रहे। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकासखंड समन्वयक श्री आशीष गुप्ता एवं श्रीमती स्वाति शर्मा तथा खेल प्रशिक्षक श्री नीलेश तरोले, श्री रितिक बिल्लोरे एवं श्री हिमांशु चौहान ने निभाई।
कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के श्री सागर राठौड़ ने किया तथा आभार श्री अभिषेक राठौड़ ने माना। इस दौरान मेरा युवा भारत के श्री सचिन मालवीय, श्री आकाश मुजाल्दे, श्रीमती रीना सिसोदिया, श्रीमती प्रीति बसुदे, श्रीमती लक्ष्मी इश्किया सहित विकासखंड के खिलाड़ी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone