शासकीय विधि महाविद्यालय खरगोन में युवा उत्सव 2026-27 का शुभारंभ
________________
सरस्वती पूजन के साथ शुरू हुआ युवा उत्सव, विद्यार्थियों को मिलेगा प्रतिभा प्रदर्शन का मंच
________________
युवा उत्सव से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व और रचनात्मकता का होता है विकास-प्राचार्य डॉ. मंडलोई
________________
खरगोन 23 नवंबर 2026। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में युवा उत्सव 2026-27 का शुभारंभ हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का मंगलमय आरंभ किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता एवं सांस्कृतिक अभिरुचियों को विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम प्रभारी सुश्री तृप्ति जायसवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया। युवा उत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों को विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं कलात्मक विधाओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के श्री चन्द्र भान त्रिवेदी, सुश्री तृप्ति सोनी, श्री पी.एस. रावत, सुश्री शिवांगी निराले, श्री सत्यम निंगवाल, डॉ. पी.एल. जमरा, श्री राजेश बालके, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone
Khargone (West Nimar), Madhya Pradesh | Nov 23, 2026