किशोरावस्था की समस्याओं एवं चुनौतियों पर विशेष व्याख्यान आयोजित
________________
शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक बदलावों की दी जानकारी
________________
किशोरों को सही मार्गदर्शन और सकारात्मक व्यवहार विकसित करने पर दिया जोर
________________
खरगोन 23 नवंबर 2026। शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन के गृह विज्ञान विभाग द्वारा किशोरावस्था की समस्याओं एवं चुनौतियों पर एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव ने की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एम.एल.बी. शासकीय स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय, इंदौर के गृह विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. दीपिका सेठे उपस्थित रहीं। उन्होंने किशोरावस्था के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न समस्याओं एवं वर्तमान चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अवस्था में किशोरों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक स्तर पर अनेक बदलावों का सामना करना पड़ता है। इन बदलावों का उनके व्यवहार एवं व्यक्तित्व पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने इन चुनौतियों से निपटने के व्यावहारिक उपायों के साथ किशोरों को उचित मार्गदर्शन देने, सकारात्मक व्यवहार विकसित करने तथा उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में गृह विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. ममता गोयल ने विषय की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए किशोरावस्था के महत्व तथा इस दौरान उचित मार्गदर्शन एवं परामर्श की भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अनुराधा बरुड़ ने किया तथा आभार डॉ. मोनिका चौहान ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. शर्मिला किराड़े, डॉ. सेवती डावर, डॉ. मनीषा चौहान, डॉ. जाफरी सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकगण एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone