समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
विज्ञप्ति संख्या: 1414,
दिनांक: 19 सितंबर 2026,
==================
बायसी अनुमंडल में अवैध निजी नर्सिंग होम, क्लीनिक एवं पैथोलॉजी लैब पर प्रशासन का बड़ी कार्रवाई;-
औचक जांच के दौरान अवैध संस्थान सील:-
जिलाधिकारी पूर्णिया श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० के दिशा-निर्देशानुसार स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों पर नकेल कसने के उद्देश्य से शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) बायसी, श्री अभिषेक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम द्वारा बायसी अनुमंडल क्षेत्र में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
जांच टीम में ड्रग इंस्पेक्टर, एमओआईसी बायसी तथा पीओ मनरेगा मुख्य रूप से शामिल थे।
अभियान के दौरान अनुमंडल अंतर्गत संचालित विभिन्न मेडिसिन दुकानों, निजी नर्सिंग होम, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैबों की गहन जांच की गई।
जांच के क्रम में कई ऐसे निजी नर्सिंग होम, क्लीनिक और पैथोलॉजी लैब पाए गए जो बिना किसी वैध कागजात, निबंधन और मानकों का उल्लंघन कर अवैध रूप से संचालित हो रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी-सह-पीओ मनरेगा द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसे सभी अवैध रूप से चल रहे निजी नर्सिंग होम, क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैबों को मौके पर ही सील कर दिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी बायसी, श्री अभिषेक रंजन ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आम जनता के स्वास्थ्य और जान-माल के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम, दवा दुकानों और पैथोलॉजी लैबों के विरुद्ध यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
8 views | Purnia, Bihar | Sep 19, 2026