हरदोई: सांडी सीएचसी में टीबी मरीज से स्वास्थ्य कर्मी ने ली 100 रुपये की रिश्वत, ऑन कैमरा पोल खुलने पर वापस लौटाए रुपये, वीडियो वायरल
सांडी/हरदोई जनपद के सांडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक स्वास्थ्य कर्मी द्वारा टीबी (क्षय रोग) के मरीज से काम के बदले 100 रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगा है। गनीमत यह रही कि पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया।
ऑन कैमरा पोल खुली तो वापस लौटाए पैसे जानकारी के अनुसार, पीड़ित टीबी मरीज अपनी जांच या दवा के सिलसिले में सीएचसी सांडी पहुंचा था। आरोप है कि वहां तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी ने उससे 100 रुपये ले लिए। जब मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बनाना शुरू किया और ऑन कैमरा बात की, तो स्वास्थ्य कर्मी घबरा गया। अपनी पोल खुलती देख कर्मी ने तुरंत मरीज के पैसे वापस करने की कोशिश शुरू कर दी।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, स्वास्थ्य विभाग की किरकिरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। लोग सरकारी अस्पतालों में मरीजों से हो रही इस तरह की अवैध वसूली को लेकर आक्रोश जता रहे हैं।
कड़ी कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों और मरीजों के स्वजनों ने जिला प्रशासन और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से मामले का संज्ञान लेकर आरोपी स्वास्थ्य कर्मी के खिलाफ सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बेबस मरीजों का शोषण न कर सके।
Hardoi, Hardoi | Sep 16, 2026