लखनऊ: राजाजीपुरम में तीसरी मंजिल से छलांग लगाने वाले युवक की दर्दनाक मौत, मानसिक रूप से बताया जा रहा था कमजोर
राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम क्षेत्र स्थित ई-ब्लॉक में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की तीसरी मंजिल से नीचे कूद गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजाजीपुरम स्थित सपना कॉलोनी निवासी युवक के रूप में हुई है।
दरवाजा खुला देख घर में घुसा था युवक प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक इलाके में एक मकान का दरवाजा खुला देखकर अचानक अंदर दाखिल हो गया। गृहस्वामियों के देख लेने और टोके जाने पर वह घबरा गया और छत की ओर भागने लगा। इसके बाद वह एक मकान से दूसरे और फिर तीसरे मकान की छत पर पहुंच गया।
छज्जे से लगाई छलांग, इलाके में मची अफरा-तफरी तीसरी मंजिल के छज्जे पर पहुंचकर युवक काफी देर तक खड़ा रहा और फिर अचानक नीचे कूद गया। जमीन पर गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो कर लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा मृतक घटना की जानकारी तुरंत तालकटोरा थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को तत्काल रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक युवक मानसिक रूप से कमजोर (अस्वस्थ) था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
Hardoi, Hardoi | Sep 16, 2026