हरदोई में अवैध संबंध के शक में सनसनीखेज वारदात: सोते समय चाकू से काटा पत्नी का गला, सिर धड़ से किया अलग
उत्तर प्रदेश के हरदोई से एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कोतवाली शहर क्षेत्र के बावन रोड स्थित इस्लामनगर टिलिया मोहल्ले में एक पति ने चरित्र पर शक के चलते अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने सोते समय अपनी पत्नी का चाकू से गला रेतकर सिर धड़ से अलग कर दिया। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, 30 वर्षीय मृतका नगमा और उसका पति परवेज मूल रूप से वेटगंज मोहल्ले के रहने वाले हैं। परवेज टैक्सी स्टैंड पर गाड़ियां चलाता है और पिछले डेढ़ महीने से इस्लामनगर टिलिया में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि शादी के 12 साल बाद भी आरोपी पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। किसी दूसरे व्यक्ति से अवैध संबंध और फोन पर बात करने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी रंजिश में बुधवार रात करीब 1:30 बजे, जब नगमा गहरी नींद में सो रही थी, परवेज ने चाकू से उसका गला रेत दिया। हमला इतना खौफनाक था कि महिला का सिर धड़ से बिल्कुल अलग हो गया।
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बाहर से दरवाजा बंद किया और सीधे कोतवाली शहर पहुंच गया। थाने में जब उसने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वह अपनी पत्नी की हत्या करके आया है, तो पुलिस के भी होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां कमरे के अंदर का मंजर देखकर हर कोई सिहर उठा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की परिजन शब्बो की तहरीर पर आरोपी पति परवेज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस लगातार पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Hardoi, Hardoi | Sep 16, 2026