समाहरणालय सभागार, बांका में आज ‘स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026’ अभियान का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में यह अभियान 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2026 तक जिले में व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जा रहा है। अभियान की निर्धारित अवधि एवं गतिविधियां विभागीय दिशा-निर्देश में भी अंकित हैं।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन-अभियान का स्वरूप देते हुए अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजनों से स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
अभियान के तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संबंधी विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। चिन्हित Black Spots/Cleanliness Target Units (CTUs) की सफाई एवं कायाकल्प, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, विद्यार्थियों एवं युवाओं की सहभागिता, जनजागरूकता अभियान तथा स्वच्छता के प्रति सामुदायिक भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अभियान के प्रारंभिक चरण में 17 से 18 सितंबर तक विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए स्वच्छता ज्ञान यात्रा सहित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके बाद सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान, घर-घर जागरूकता, स्वच्छता संवाद, पदयात्रा, रैली एवं प्रभात फेरी, खेल मैदानों में स्वच्छता अभियान तथा पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान ‘कचरे से संसाधन’ (Waste to Wealth) की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए कचरा प्रबंधन, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण तथा स्वच्छता को समृद्धि से जोड़ने की दिशा में जागरूकता एवं गतिविधियां संचालित की जाएंगी। साथ ही स्वच्छता मित्रों की सुरक्षा एवं सम्मान तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
स्वच्छता के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा स्वयं हस्ताक्षर कर की गई। इसके साथ ही स्वच्छता के संदेश के साथ सेल्फी लेकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की पहल भी की गई। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया तथा स्वच्छता के संदेश के साथ सेल्फी लेकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सभागार में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को जिला पदाधिकारी द्वारा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का सफल आयोजन, अधिकतम जन-सहभागिता सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता ही सेवा पोर्टल पर समयबद्ध प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया है।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026