आज समाहरणालय सभागार, बांका में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCC), जिला स्तरीय यूको परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय क्रियान्वयन समिति (DLIC) की त्रैमासिक बैठक (जून-2026) आयोजित की गई।
बैठक में सीडी रेशियो (CD Ratio) एवं वार्षिक ऋण योजना (Annual Credit Plan) की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान 40 प्रतिशत से कम उपलब्धि वाले बैंकों की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला पदाधिकारी ने आगामी त्रैमास में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभारी पदाधिकारी, बैंकिंग शाखा, बांका एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, बांका को बैंकों के कार्यों की मासिक समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, जीविका, यूको आरसेटी एवं अन्य योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न बैंक शाखाओं में लंबित ऋण आवेदनों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी बैंक प्रबंधकों को लंबित ऋण आवेदनों का 07 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के लंबित/निलंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष जोर दिया। साथ ही पीएमएफएमई (PMFME) एवं पीएमईजीपी (PMEGP) योजनाओं के अंतर्गत लंबित आवेदनों का भुगतान यथाशीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में नीलाम पत्र वाद से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 का मिलान करते हुए लंबित एवं बकाया नीलाम पत्र वादों में संबंधित बकायेदारों से देय राशि एवं कोर्ट फीस जमा कराते हुए वादों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित बैंक शाखाओं के प्रतिनिधियों को 19 सितंबर को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर रजिस्टर-9 एवं रजिस्टर-10 का मिलान करने तथा लंबित वादों के निष्पादन हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। बैंक एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, प्रभारी पदाधिकारी जिला बैंकिंग शाखा, आरबीआई के प्रतिनिधि, डीडीएम नाबार्ड, अग्रणी जिला प्रबंधक, यूको आरसेटी के निदेशक, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, जीविका के प्रतिनिधि तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026