मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना 'सम्बल' के तहत समाहरणालय परिसर में बैट्री चालित ट्राईसाईकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान माननीय विधायक, बांका विधानसभा एवं जिला पदाधिकारी, बांका द्वारा दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया गया। इस अवसर पर समाहरणालय परिसर से बैटरी चालित ट्राईसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस दौरान 24 बैटरी चालित ट्राईसाइकिल, 01 ट्राईसाइकिल, 01 कान की मशीन एवं 01 व्हील चेयर का वितरण किया गया।
समाज कल्याण विभाग, बिहार, पटना द्वारा राज्य के दिव्यांगजनों को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं शारीरिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण छत्र योजना के अंतर्गत ‘संबल’ योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
योजना के अंतर्गत चलंत (Locomotor) दिव्यांगता वाले पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए 40 प्रतिशत या उससे अधिक चलंत दिव्यांगता निर्धारित है। पात्रता के लिए दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, वार्षिक आय ₹2,00,000 से कम, आधार कार्ड की छायाप्रति, बिहार राज्य का निवास प्रमाण-पत्र, 18 वर्ष या उससे अधिक आयु तथा दिव्यांगता दर्शाता हुआ फोटो आवश्यक है।
पात्र लाभुक ‘संबल’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एक बार लाभ प्राप्त करने के पश्चात लाभुक को अगले 5 वर्षों तक बैटरी चालित ट्राईसाइकिल का लाभ नहीं दिया जाएगा।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026