बांका समाहरणालय के मिनी सभागार में जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में उद्योग, श्रम, जिला योजना एवं नियोजन से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों तथा आगामी कार्ययोजना की बिंदुवार समीक्षा की गई एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा CM-PRATIGYA Yojana एवं PM Internship Scheme की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक प्रतिष्ठानों एवं अभ्यर्थियों का निबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा पात्र प्रतिष्ठानों एवं अभ्यर्थियों को योजनाओं से जोड़ने हेतु प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
उद्योग विभाग की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जुलाई माह में पूर्व की उपलब्धियों की अपेक्षा प्रगति में अपेक्षाकृत वृद्धि दर्ज की गई है। जिला पदाधिकारी ने प्रगति को और बेहतर बनाने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करते हुए लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने भारत सरकार के निर्देशानुसार 20 या उससे अधिक स्थायी कर्मियों वाले सभी संस्थानों से समन्वय स्थापित कर उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ संबंधित संस्थानों एवं कर्मियों तक पहुंचाने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
पीएम विश्वकर्मा योजना की धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, बांका को बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों को टूलकिट एवं ऋण राशि का वितरण तेजी से सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। वहीं, पीएम प्रतिज्ञा योजना के अंतर्गत विगत एक माह की प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया।
श्रम विभाग की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों के लिए लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया, ताकि श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का नियमित एवं प्रभावी मूल्यांकन किया जा सके। उन्होंने विभाग की समग्र कार्ययोजना विकसित कर निर्धारित लक्ष्य एवं कार्ययोजना के अनुरूप आगामी कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। जिला पदाधिकारी ने बाल श्रम के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाकर नियोजित बाल श्रमिकों को विमुक्त कराने तथा दोषी नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
उन्होंने श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा निर्धारित मासिक लक्ष्य के अनुरूप योजनाओं का ससमय निष्पादन करने को कहा। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला नियोजनालय, बांका में संचालित स्टडी किट एवं टूल किट योजना की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पात्र लाभार्थियों को यथाशीघ्र किट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्व में सफलतापूर्वक आयोजित रोजगार मेले के तर्ज पर आगामी माह में पुनः तिथि निर्धारित कर जिला स्तरीय रोजगार मेला आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि श्रम, नियोजन एवं उद्योग विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी, लक्ष्य आधारित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र लाभार्थियों तक इसका लाभ पहुंचाने के साथ-साथ निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण किया जाए, ताकि जिले में रोजगार, स्वरोजगार एवं श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की समीक्षा के क्रम में महाप्रबंधक को निदेश दिया गया कि जिले का लक्ष्य-188 के विरूद्ध उच्च गुणवत्तापूर्ण तीन गुणा आवेदन बैंकों में भेजना सुनिश्चित किया जाय।
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के संबंध में पृच्छा करने पर महाप्रबंधक द्वारा बताया गया कि विगत 01 माह से पोर्टल बंद रहने के कारण आवेदन का सृजन नहीं हो पा रहा है। इसपर जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा निदेश दिया गया कि भावी उद्यमियों से संपर्क स्थापित कर सभी आवश्यक दस्तावेज Ready Mode में रखा जाय ताकि पोर्टल चालू होने के तुरन्त बाद नये आवेदन बैंकों को प्रेषित की जा सके। आवेदन की संख्या लक्ष्य-71 के विरूद्ध तीन गुणा आवेदनों की तैयारी पूर्ण करने का निदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री उद्यमी योजनान्तर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 के तृतीय किस्त प्राप्त लाभुकों की सफलता की कहानी सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग से समन्वय स्थापित कर समय-समय पर दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाने का निदेश महाप्रबंधक को दिया गया।
जिले में नवाचार को बढ़ावा देने हेतु स्टार्ट-अप योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने का निदेश दिया गया।
जिला औद्योगिक नवप्रवर्त्तन योजना अन्तर्गत जिले में स्थापित कुल-14 कलस्टरों में कितने कलस्टर वर्त्तमान समय में कार्यरत हैं की सूची उपलब्ध कराने हेतु निदेश. दिया गया।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026