श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर दिनांक 17 सितम्बर 2026 को संयुक्त श्रम भवन, बेलहर, बाँका में “श्रम कल्याण दिवस” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। उपस्थित श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न श्रमिक कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र श्रमिकों से इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु निबंधन एवं आवेदन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान निर्माण श्रमिकों के निबंधन एवं उनके लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, असंगठित क्षेत्र के कामगारों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा लाभ, प्रवासी श्रमिकों के कल्याण तथा श्रमिकों के अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। साथ ही श्रमिकों को विभागीय योजनाओं से जुड़ने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित श्रम कार्यालय से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा कहा गया कि श्रमिक राज्य एवं देश के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा पात्र श्रमिकों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाना विभाग की प्राथमिकता है। श्रमिकों से भी अपने अधिकारों एवं उपलब्ध योजनाओं के प्रति जागरूक रहने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं पर भी चर्चा की गई।विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के सम्मान के साथ-साथ उन्हें उनके अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
Banka, Bihar | Sep 18, 2026