पर्युषण में भक्ति का रंग, मनीष के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
संवत्सरी पर होगी विशेष अंगरचना, भक्ति संध्या और बहुमान कार्यक्रम
भीलवाड़ा(महेन्द्र नागौरी) बापूनगर स्थित श्री संभवनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर में पर्युषण महापर्व की आराधना श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगी हुई है। पूजा-अर्चना के साथ रोजाना शाम भक्ति संध्या में श्रद्धालु प्रभु भक्ति में डूब रहे हैं।
पर्युषण के छठे दिन मनीष सोनी ने भजनों की ऐसी सुरमयी प्रस्तुति दी कि देर रात तक मंदिर परिसर भक्तिरस में झूमता रहा। ‘मैंने तेरे ही भरोसे महावीर’, ‘मेरे मन में पारसनाथ’, ‘पारस प्यारो लागे’, ‘मैं जैन हूं यहीं पहचान है’ सहित अनेक भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। गणेश (लंकेश) सुराणा के साथ जुगलबंदी ने भी खूब रंग जमाया।
सोमवार को सातवें दिन विभिन्न परिवारों ने पूजा, आरती, मंगल दीपक व अंगरचना के लाभ लिए। बच्चों की प्रभावना भी की गई।
अब संवत्सरी महापर्व को परमात्मा की विशेष अंगरचना, भव्य भक्ति संध्या और बहुमान कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पहुंचकर आराधना एवं कर्मनिर्जरा का लाभ लेने का आह्वान किया है।