विधायक कोठारी ने मतदाताओं का जताया आभार
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत
70 में से 45 वार्डों में भाजपा ने जीत की हासिल
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,14 सितंबर भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने ऐतिहासिक विजय हासिल करते हुए स्पष्ट बहुमत प्राप्त किया है। नगर निगम के कुल 70 वार्डों में भाजपा ने 45 वार्डों में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस को 10 वार्डों में सफलता मिली। वहीं 15 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की।
भाजपा की इस शानदार जीत पर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने शहरवासियों एवं सभी मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत भीलवाड़ा की जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है।
विधायक कोठारी ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने वाले सभी मतदाताओं के साथ-साथ चुनाव में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं समर्थकों का भी धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाया जाएगा। नवनिर्वाचित नगर निगम बोर्ड भीलवाड़ा के चहुंमुखी विकास में कोई कमी नहीं रखेगा। शहर के विकास को गति देने के साथ-साथ मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सड़क, जलापूर्ति, यातायात और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कोठारी ने कहा कि भाजपा को मिला जनादेश शहर के विकास के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा। सभी के सहयोग से भीलवाड़ा को बेहतर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने पुनः भीलवाड़ा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इस विश्वास पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी है।